देहरादून- उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। राजधानी देहरादून में लगातार दूसरे दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जिससे दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को प्रभावित किया। सुबह से ही सूरज की तपिश इतनी तेज रही कि दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही काफी कम नजर आई।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, जबकि सोमवार को भी तापमान इसी स्तर पर बना रहा। हालात ऐसे रहे कि शाम के समय भी गर्म हवाएं चलती रहीं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल नहीं है। मंगलवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को लू से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है, जिसमें दोपहर में घर से बाहर न निकलना, पर्याप्त पानी पीना और हल्के कपड़े पहनना शामिल है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
वहीं, पर्वतीय जिलों में मौसम कुछ राहत दे सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है। हालांकि मैदानी इलाकों में अगले कुछ दिनों तक गर्मी का असर जारी रहने के आसार हैं।