हरिद्वार- जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार सुबह हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए आसफनगर गांव से एक युवती को हिरासत में लिया। युवती पर पाकिस्तान के जरिए संदिग्ध आर्थिक लेन-देन में शामिल होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि मामला करोड़ों रुपये के ट्रांजेक्शन से जुड़ा हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में हाल ही में पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ के दौरान युवती का नाम सामने आया था। आरोपी पर पाकिस्तान के माध्यम से अवैध धन हस्तांतरण करने का आरोप है। इसी जानकारी के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने पिरान कलियर पुलिस के सहयोग से आसफनगर में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम को युवती की पहचान सुनिश्चित करने में काफी समय लगा। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर लंबी पूछताछ की गई। हालांकि मौके से किसी प्रकार की नकदी बरामद नहीं हुई, लेकिन जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से गांव और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के बीच पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बाद में पुलिस ने ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी कर युवती को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।
पिरान कलियर थाना पुलिस का कहना है कि मामला जम्मू-कश्मीर में दर्ज केस से जुड़ा हुआ है और स्थानीय स्तर पर केवल आवश्यक सहयोग दिया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।