बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की आगामी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ का मोशन पोस्टर रिलीज कर दिया गया है। पोस्टर सामने आते ही फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ गया है। यह फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रिलीज हुए मोशन पोस्टर में कंगना रनौत घायल और खून से लथपथ नजर आ रही हैं। उनके चारों ओर आग की लपटें दिखाई दे रही हैं, जो फिल्म की गंभीर और भावनात्मक कहानी की झलक पेश करती हैं। फिल्म में साहस, मानवता, बलिदान और एकता जैसे विषयों को प्रमुखता से दिखाया जाएगा।
कंगना रनौत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का मोशन पोस्टर साझा करते हुए एक खास संदेश भी लिखा। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “कुछ खास करके, आम ही कहते हैं। वो दिखते तो हैं, पर नजर नहीं आते।”
बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल में ड्यूटी निभाने वाले नर्सों और मेडिकल स्टाफ की बहादुरी पर आधारित है। फिल्म में कंगना एक नर्स के किरदार में नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्माण खुद कंगना रनौत ने किया है, जबकि इसके लेखक और निर्देशक मनोज तापड़िया हैं।
‘भारत भाग्य विधाता’ की रिलीज के साथ बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्मों का मुकाबला देखने को मिलेगा। इसी दिन इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’, विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3डी: इकोज ऑफ द पास्ट’ और मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ भी सिनेमाघरों में रिलीज होंगी।