देहरादून: उत्तराखंड में स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाली ‘104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन’ की सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने हेल्पलाइन के तकनीकी बुनियादी ढांचे (Technical Infrastructure) को अपग्रेड और मजबूत करने के लिए आवश्यक मरम्मत का काम शुरू किया है। इस तकनीकी कार्य के चलते उपभोक्ताओं को कॉल कनेक्ट होने और सेवाएं प्राप्त करने में अस्थायी रूप से देरी का सामना करना पड़ सकता है।
104 स्वास्थ्य हेल्पलाइन की नोडल अधिकारी डॉ. अरिता सक्सेना ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि तकनीकी मरम्मत और सुधार का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। विभाग का पूरा प्रयास है कि तय समय-सीमा के भीतर इस काम को पूरा कर सभी सेवाओं को पहले की तरह पूरी तरह सुचारु कर दिया जाए।
गौरतलब है कि 104 हेल्पलाइन उत्तराखंड के आम नागरिकों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण सेवा है। इसके माध्यम से पूरे राज्य में लोगों को घर बैठे मुफ्त स्वास्थ्य सलाह, मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ा परामर्श, स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी शिकायतों के निवारण की सुविधा मिलती है। आपातकालीन स्थिति को देखते हुए विभाग ने नागरिकों से इस अस्थायी असुविधा के दौरान सहयोग बनाए रखने की अपील की है।