नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने राजधानी दिल्ली में मंगलवार से एक विशेष धार्मिक जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की है। पार्टी के अनुसार, दिल्ली के सभी 250 वार्डों में एक साथ हनुमान चालीसा पाठ, राम आरती और हनुमान आरती का आयोजन किया जाएगा।
दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी के विधायक, पार्षद और स्थानीय कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे। धार्मिक आयोजन के माध्यम से लोगों को जोड़ने के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता विभिन्न सामाजिक और धार्मिक मुद्दों पर भी नागरिकों से संवाद करेंगे।
पार्टी का कहना है कि आरती और पाठ के बाद कार्यकर्ता राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर लोगों से चर्चा करेंगे। साथ ही श्रद्धालुओं द्वारा मंदिरों में अर्पित किए जाने वाले चढ़ावे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।
आप नेताओं के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य धार्मिक आस्था के प्रति सम्मान व्यक्त करने के साथ-साथ मंदिरों में आने वाले चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर लोगों की चिंताओं को सामने लाना है।