देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी हालिया घटना को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मामले में कानून अपना काम कर रहा है और दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थलों की गरिमा को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि बदरीनाथ धाम की पारंपरिक व्यवस्थाएं वर्षों से श्रद्धालुओं के विश्वास का केंद्र रही हैं। उन्होंने मंदिर से जुड़े पुजारियों, ब्राह्मणों और पंडा समाज की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इन वर्गों ने हमेशा धार्मिक परंपराओं और आस्थाओं को सहेजने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि किसी एक घटना के आधार पर पूरे समाज या परंपरागत व्यवस्था पर सवाल उठाना उचित नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए ताकि यदि किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
भट्ट ने कहा कि मंदिरों में चढ़ावे और दान की व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं व्यवस्थित बनाने के लिए यदि प्रशासन या संबंधित संस्थाएं नई व्यवस्था लागू करती हैं, तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर व्यवस्था की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी पक्ष मिलकर काम करेंगे।