मसूरी। लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी में एक बड़ा हादसा टल गया। बुधवार सुबह एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवासों के पीछे की पहाड़ी का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। भारी चट्टान कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी के आवास की दीवार तोड़ते हुए कमरे तक पहुंच गई। घटना के समय पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था, लेकिन संयोगवश सभी सुरक्षित बच गए। हादसे में गोविंद सिंह नेगी की पत्नी को मामूली चोट आई है।
चट्टान गिरने से मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पहाड़ी से एक विशाल चट्टान लुढ़कते हुए सरकारी आवास से जा टकराई। चट्टान ने पत्थर की दीवार को क्षतिग्रस्त कर दिया और कमरे तक पहुंच गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जर्जर भवनों में रह रहे हैं कई परिवार
गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर में ब्रिटिश काल के बने पुराने सरकारी आवासों में करीब पांच परिवार निवास कर रहे हैं। बरसात के मौसम में पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, जिससे यहां रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों में लगातार डर का माहौल बना रहता है।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम राहुल आनंद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
वैज्ञानिक ट्रीटमेंट और पुनर्निर्माण की मांग
घटना के बाद कर्मचारियों ने जर्जर सरकारी आवासों के पुनर्निर्माण और आवासों के पीछे दरक चुकी पहाड़ी के वैज्ञानिक उपचार (साइंटिफिक ट्रीटमेंट) की मांग उठाई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।