नई दिल्ली- उत्तर-पूर्वी दिल्ली के वेलकम क्षेत्र में एक कैफे के भीतर हुई गोलीबारी ने इलाके में दहशत फैला दी। इस घटना में 24 वर्षीय युवक फैजान की मौत हो गई। बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के शरीर पर गोली लगने के कई निशान पाए गए हैं। परिजनों का दावा है कि हमलावरों ने फायरिंग के साथ-साथ धारदार हथियार से भी वार किया। घटना के बाद से परिवार में गुस्सा और आक्रोश है।
इस हत्याकांड में उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब मोईन कुरैशी नाम के युवक ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया। वीडियो में आरोपी यह कहते हुए नजर आ रहा है कि उसने किसी आर्थिक विवाद के कारण नहीं, बल्कि पुरानी दुश्मनी के चलते वारदात को अंजाम दिया। उसने यह भी कहा कि इस घटना में उसके पिता की कोई भूमिका नहीं है।
वहीं मृतक के भाई ने आरोप लगाया है कि फैजान पर कर्ज को लेकर दबाव बनाया जा रहा था और कुछ समय पहले उसके साथ मारपीट भी हुई थी, जिसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई गई थी। परिवार का कहना है कि उसी रंजिश के चलते उसकी हत्या करवाई गई।
पुलिस के अनुसार, मौजपुर स्थित एक लॉन्ज और कैफे में फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक युवक घायल अवस्था में मिला, जिसे अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। मृतक की पहचान फैजान उर्फ फज्जी के रूप में हुई है, जो वेलकम इलाके का निवासी था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक और क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
