Earthquake In Oregon: अमेरिका के ओरेगॉन राज्य के तटीय क्षेत्र में गुरुवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई। भूकंप के बाद फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंस के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे था। वहीं, नेशनल सुनामी वार्निंग सेंटर ने स्पष्ट किया है कि इस भूकंप के बाद सुनामी का कोई खतरा नहीं है और कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
जिस इलाके में भूकंप दर्ज किया गया, वह ओरेगॉन और कैलिफोर्निया की सीमा के पास स्थित है। यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है, जहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं। हालांकि, अधिकांश झटके जमीन के भीतर ही सीमित रहते हैं, जिससे आमतौर पर सतह पर ज्यादा असर महसूस नहीं होता।
यह इलाका कास्केडिया सबडक्शन जोन का हिस्सा है, जो उत्तरी वैंकूवर द्वीप से लेकर उत्तरी कैलिफोर्निया तक फैला हुआ है। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह दुनिया के सबसे सक्रिय और खतरनाक भूकंप क्षेत्रों में गिना जाता है। इतिहास में साल 1700 में यहां 9.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके कारण विनाशकारी सुनामी ने तटीय इलाकों को भारी नुकसान पहुंचाया था। वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में अगर इतनी तीव्रता का भूकंप आया, तो तटीय क्षेत्रों को गंभीर खतरा हो सकता है।
