पुरानी रंजिश का भी सामने आया मामला, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की
हरिद्वार। पथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना ने ग्रामीणों में आक्रोश फैला दिया है। छात्रा के परिजनों द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, 5 जुलाई को छात्रा जब कोचिंग क्लास के लिए सुल्तानपुर जा रही थी, तभी रास्ते में गांव के ही दो युवकों ने उसे रोककर अशोभनीय हरकतें कीं और उसे परेशान किया।
छात्रा ने घटना की जानकारी उसी समय रास्ते से गुजर रहे एक अन्य युवक को दी। जब उस युवक ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप है कि दोनों युवकों ने पीड़िता और मदद करने वाले युवक को चुप रहने के लिए जान से मारने की धमकी भी दी।
इस मामले में छात्रा के पिता ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।
थानाध्यक्ष मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी सामने आया है कि पीड़ित और आरोपी परिवारों के बीच पहले से आपसी रंजिश चली आ रही है, जो मामले को और संवेदनशील बना रही है।
