देहरादून – उत्तराखंड के चमोली जिले के देवाल ब्लॉक स्थित चौड़ गांव में बुधवार शाम एक हृदय विदारक हादसे में छुट्टी पर घर आए एक सैनिक की जान चली गई। 35 वर्षीय वीरेंद्र सिंह, जो कि वर्तमान में लैंसडाउन में तैनात थे, अन्य गांव से लौटते समय पैर फिसलने के कारण लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरे।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, वीरेंद्र सिंह मंगलवार को ही छुट्टी लेकर अपने गांव पहुंचे थे। बुधवार देर शाम जब वह दूसरे गांव से वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनका संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में गिर पड़े। हादसे की सूचना मिलते ही गांववाले मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद वीरेंद्र को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रास्ते में ही वीरेंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया।
वीरेंद्र सिंह चौड़ गांव के निवासी और क्षेत्र के पूर्व ज्येष्ठ उप प्रमुख हरेंद्र सिंह कोटडी के छोटे भाई थे। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और अस्पताल प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए कर्णप्रयाग भेज दिया गया है।
