Lucky Oberoi Murder: जालंधर में शुक्रवार सुबह मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर आम आदमी पार्टी (AAP) नेता लक्की ओबरॉय की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वे सुबह माथा टेककर लौट रहे थे तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उनकी थार कार पर 8–10 राउंड की फायरिंग कर दी। कई गोलियां सिर और छाती में लगने के बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
लक्की ओबरॉय पार्षद का चुनाव लड़ चुके थे और पार्टी के सक्रिय स्थानीय नेता माने जाते थे। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी इन्वेस्टिगेशन और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान में जुटी है।
दो दिनों में AAP के दो नेताओं की हत्या
इस वारदात से एक दिन पहले ही तरनतारन के चीमा खुर्द गांव में AAP के सरपंच गुरभेज सिंह की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। आरोप पार्टी से जुड़े पूर्व सरपंच शरनजीत सिंह और उसके साथियों पर है। पुलिस ने इसमें भी केस दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
विपक्ष ने सरकार को घेरा
लक्की ओबरॉय की हत्या को लेकर विपक्ष ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि “पंजाब में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। जब सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं, तो आम जनता का क्या होगा?” अकाली दल के बिक्रम मजीठिया ने भी आरोप लगाया कि पंजाब में दिनदहाड़े हत्या होना “नया नॉर्म” बन गया है और सरकार पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
