नई दिल्ली। क्रिसमस और नववर्ष के जश्न को देखते हुए राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर मजबूत कर दिया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली पुलिस ने करीब 20 हजार पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की है। सीमावर्ती इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान से बड़ी संख्या में लोगों के दिल्ली आने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी बॉर्डर प्वाइंट्स पर अतिरिक्त पिकेट, बैरिकेडिंग और सुरक्षा बल लगाए गए हैं। शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों और लोगों की सघन जांच की जा रही है।
क्रिसमस और नए साल के अवसर पर प्रमुख धार्मिक स्थलों, बाजारों, मॉल और पार्टी जोन के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। दिल्ली पुलिस ने 10 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। इसके अलावा शहर में प्रवेश के 15 प्रमुख मार्गों पर भी चेकिंग बढ़ा दी गई है।
पुलिस टीमें बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, होटलों, धर्मशालाओं और नाइट शेल्टरों में लगातार जांच कर रही हैं, ताकि बिना वैध दस्तावेज के ठहरने वालों की पहचान की जा सके। वहीं, ट्रैफिक पुलिस का फोकस कनॉट प्लेस, हौज खास, इंडिया गेट, बाजारों और मॉल क्षेत्रों में यातायात सुचारु बनाए रखने पर है।
कनॉट प्लेस के इनर सर्कल में केवल वैध स्टिकर लगे वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। ये स्टिकर दिल्ली पुलिस द्वारा जारी किए जाएंगे। इंडिया गेट और आसपास के इलाकों में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात रहेगा, जहां नए साल पर भारी भीड़ उमड़ती है। इसके साथ ही नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
