देहरादून। प्रदेश भर में हुई भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण कई क्षेत्रों में भारी नुकसान देखने को मिला था। इस बीच रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने दोनों जनपदों का दौरा कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले मानसून से पहले सभी शेष कार्य धरातल पर उतर जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
राहत-पुनर्वास कार्यो की हुई समीक्षा बैठक
मंत्री बहुगुणा ने जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि आपदा के कुछ दिनों बाद रुद्रप्रयाग में बिजली, पानी और मुआवजे जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं को बहाल कर लिया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठकों में यह देखा गया कि कितने कार्य पूर्ण हो चुके हैं और किन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना बाकी है।
जिलों में राहत कार्य तेजी से हो रहे पूरे
रुद्रप्रयाग-बागेश्वर के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि “आपदा के बाद रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में राहत कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। जिन कार्यों की स्वीकृति बाकी है, उन्हें जल्द मंजूरी देने के निर्देश दिए गए हैं।”
