ऋषिकेश: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण दुनिया भर में पेट्रोलियम पदार्थों को लेकर चिंता बढ़ गई है. भारत में भी गैस की कमी की अफवाहों के चलते कई जगह गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं. हालांकि केंद्र सरकार और उत्तराखंड सरकार लगातार यह स्पष्ट कर रही हैं कि रसोई गैस की कोई कमी नहीं है और लोग अफवाहों के कारण ही जल्दबाजी में सिलिंडर लेने पहुंच रहे हैं.
इसी बीच देहरादून जिले के ऋषिकेश में जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने गैस एजेंसियों और होटल-रेस्टोरेंटों में छापेमारी अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग का मामला सामने आया. प्रशासन की टीम ने एक युवक को रंगे हाथों पकड़कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है.
एसडीएम ऋषिकेश योगेश मेहरा, सीओ नीरज सेमवाल और पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की टीम ने खदरी खड़क माफ क्षेत्र में आशुतोष गैस एजेंसी के डिस्ट्रीब्यूशन वाहन की जांच की. जांच के दौरान बिना नंबर के एक वाहन में अमन चौहान नाम का युवक घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर खाली सिलिंडरों में भरता हुआ मिला. मौके से अवैध रिफिलिंग का उपकरण भी बरामद किया गया.
वाहन की तलाशी लेने पर 7 खाली और 30 भरे हुए गैस सिलिंडर पाए गए. प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया. पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर थाना ऋषिकेश में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है, जबकि बरामद सिलिंडरों को सुरक्षा के लिहाज से जब्त कर गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है.
एसडीएम योगेश मेहरा ने कहा कि घरेलू गैस सिलिंडरों की अवैध रिफिलिंग, कालाबाजारी या व्यावसायिक इस्तेमाल किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए हैं कि यदि सर्वर डाउन हो तो भी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए ऑफलाइन माध्यम से गैस बुकिंग जारी रखी जाए, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
