विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ पर बड़ा अपडेट, CBFC के खिलाफ केस वापस

विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ पर बड़ा अपडेट, CBFC के खिलाफ केस वापस

Vijay Thalapathy Jan Nayagan: एक्टर विजय की चर्चित फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर चल रहा सेंसर विवाद अब नए मोड़ पर पहुंच गया है। यह फिल्म 9 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से प्रमाणपत्र न मिलने के कारण रिलीज टल गई थी। इसके बाद फिल्म के निर्माताओं ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया था।

मंगलवार को इस मामले की सुनवाई मद्रास हाईकोर्ट में हुई, जहां जस्टिस पी.टी. आशा की सिंगल बेंच ने फिल्म के मेकर्स को CBFC के खिलाफ दायर की गई याचिका वापस लेने की अनुमति दे दी। मेकर्स की ओर से पहले ही कोर्ट रजिस्ट्री को याचिका वापस लेने की मंशा की जानकारी दे दी गई थी।

अब कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद फिल्म ‘जन नायकन’ का मामला फिर से सेंसर बोर्ड के पाले में चला गया है। मेकर्स को अब CBFC की ओर से अंतिम फैसले और सर्टिफिकेट का इंतजार करना होगा। जब तक सेंसर बोर्ड की हरी झंडी नहीं मिलती, तब तक फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज नहीं हो पाएगी।

इस बीच फिल्म की रिलीज को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स 20 फरवरी को रिलीज की संभावित तारीख पर विचार कर रहे हैं, हालांकि आधिकारिक घोषणा सेंसर सर्टिफिकेट मिलने के बाद ही की जाएगी।

गौरतलब है कि विजय के राजनीति में कदम रखने की घोषणा के बाद ‘जन नायकन’ को उनकी आखिरी फिल्म माना जा रहा है। इसी वजह से यह फिल्म शुरुआत से ही सुर्खियों में बनी हुई है। पहले मद्रास हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने फिल्म को सर्टिफिकेट देने के निर्देश दिए थे, लेकिन बाद में डिविजन बेंच ने उस आदेश पर रोक लगा दी थी। इसके बाद मेकर्स सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचे, जहां याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया गया।

अब एक बार फिर सभी की निगाहें सेंसर बोर्ड के फैसले पर टिकी हैं, जिसके बाद ही फिल्म की रिलीज की तस्वीर साफ हो पाएगी।

Back To Top