ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र के लखनवली गांव में शनिवार रात दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि झगड़े में दोनों ओर से लाठी-डंडे चले और कई लोग घायल हो गए। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक पुलिसकर्मियों के सामने धमकी भरे अंदाज़ में बात करता दिखाई दे रहा है।
कहासुनी ने लिया भयानक रूप
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना 24 अक्टूबर की रात की है। पुलिस जांच में पता चला कि देवेंद्र शर्मा उर्फ देवा पंडित जब मंदिर से लौट रहे थे, तभी रास्ते में खड़े कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते बात बढ़ी और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
सभी आरोपी होंगे जल्द गिरफ्तार
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच में चाकू से वार किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले में शामिल लोगों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
