Class 10th Cbse Board Update: कक्षा 10 के छात्रों के लिए बड़ा बदलाव करते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने 2026 सत्र से दो बोर्ड परीक्षाओं की व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। बोर्ड ने हाल ही में स्पष्ट किया है कि सभी छात्रों के लिए पहली बोर्ड परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा।
क्यों आया स्पष्टीकरण?
बोर्ड को कुछ अभिभावकों और छात्रों की ओर से अनुरोध मिले थे कि यदि कोई छात्र पहली परीक्षा में शामिल नहीं हो पाता है, तो उसे सीधे दूसरी परीक्षा में बैठने की अनुमति दी जाए। इस पर सीबीएसई ने साफ किया कि दूसरी परीक्षा में बैठने की पात्रता पहली परीक्षा में उपस्थिति और परिणाम के आधार पर ही तय होगी।
क्या हैं नए नियम?
-
पहली परीक्षा अनिवार्य: सभी छात्रों को पहली बोर्ड परीक्षा देनी ही होगी।
-
तीन विषयों में सुधार का मौका: पहली परीक्षा पास करने वाले छात्र विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान और भाषाओं में से किसी भी तीन मुख्य विषयों में प्रदर्शन सुधारने के लिए दूसरी परीक्षा दे सकेंगे।
-
अनुपस्थित छात्रों के लिए सख्ती: जो छात्र पहली परीक्षा में तीन या उससे अधिक विषयों में अनुपस्थित रहेंगे, वे दूसरी परीक्षा में नहीं बैठ पाएंगे। उन्हें ‘अनिवार्य पुनरीक्षण’ श्रेणी में रखकर अगले वर्ष फरवरी की मुख्य परीक्षा में शामिल होना होगा।
-
कंपार्टमेंट छात्रों को मौका: जिनका परिणाम कंपार्टमेंट है, वे निर्धारित नियमों के तहत दूसरी परीक्षा दे सकते हैं।
-
अतिरिक्त विषय पर रोक: कक्षा 10 पास करने के बाद किसी अतिरिक्त विषय में परीक्षा देने की अनुमति नहीं होगी।
सीबीएसई परीक्षा नियंत्रक संयम भारद्वाज ने कहा कि नई व्यवस्था का उद्देश्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन का अवसर देना है, लेकिन अनुशासन और प्रक्रिया का पालन अनिवार्य रहेगा।
इस बदलाव के साथ बोर्ड ने साफ कर दिया है कि दूसरी परीक्षा ‘सुधार का अवसर’ है, न कि पहली परीक्षा का विकल्प।
