बरेली- बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरेली दौरे पर पहुंचेंगे। वह दोपहर करीब 3:30 बजे सर्किट हाउस आएंगे, जहाँ मंडल स्तर पर चल रहे विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की स्थिति की उच्च-स्तरीय समीक्षा करेंगे। इस बैठक में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और जिले के प्रभारी मंत्री जे.पी.एस. राठौर भी शामिल रहेंगे। समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार के पुत्र के विवाह समारोह में भी उपस्थित होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वह शाम 5 बजे राजकीय विमान से लखनऊ लौट जाएंगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। लगभग 1200 पुलिसकर्मियों को विभिन्न ड्यूटी पॉइंट पर तैनात किया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने बुधवार को आईवीआरआई ऑडिटोरियम में फोर्स की ब्रीफिंग करके तैयारियों का अंतिम जायजा लिया। उन्होंने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को वीवीआईपी ड्यूटी की संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर अधिक सतर्कता और अनुशासन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने ड्यूटी स्थल पर समय से पहुंचने, पूर्वाभ्यास करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के बारे में भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। बैठक में एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी उत्तरी मुकेश मिश्र, एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
