नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के तहत गुरुवार, 29 जनवरी को विजय चौक पर पारंपरिक बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन, नॉर्थ ब्लॉक, साउथ ब्लॉक और संसद भवन को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। कार्यक्रम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी के दौरान दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। विजय चौक आम ट्रैफिक के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसके अलावा रफी मार्ग, रायसीना रोड, कर्तव्य पथ और विजय चौक की ओर जाने वाले कई गोलचक्करों से वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से रिंग रोड, रिज रोड, अरबिंदो मार्ग, सफदरजंग रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, मिंटो रोड और रानी झांसी रोड जैसे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
कार्यक्रम के मद्देनज़र डीटीसी और अन्य सिटी बसों के रूट भी दोपहर 2 बजे से रात 9:30 बजे तक अस्थायी रूप से बदले जाएंगे। सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, कनॉट प्लेस, इंडिया गेट, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और कश्मीरी गेट की ओर जाने वाली बसों को अलग-अलग वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा, ताकि समारोह स्थल के आसपास ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।
दिल्ली पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का सहयोग करें।
यातायात से जुड़ी ताज़ा जानकारी के लिए नागरिक दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और हेल्पलाइन नंबरों के माध्यम से अपडेट रह सकते हैं।
