मथुरा (उत्तर प्रदेश): कोतवाली छाता क्षेत्र के गांव खायरा में कर्ज चुकता न करने पर एक किसान को जंजीर से बांधने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित किसान की शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित किसान ने तहरीर में आरोप लगाया है कि उसके चाचा, चाची, चचेरा भाई नटवर और भाभी ने कर्ज की वसूली के लिए उसे जबरन घर में कैद कर जंजीरों से बांध दिया। इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसके घर से दो लाख रुपये नकद, दो तोला सोना और आधा किलो चांदी भी ले गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बंधक बनाना, मारपीट करना, और चोरी समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया। जांच के बाद पुलिस ने चचेरा भाई नटवर को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
हालांकि, मामले की जांच के दौरान प्रभारी निरीक्षक छाता कमलेश सिंह ने बताया कि सोना और चांदी की चोरी के आरोप झूठे पाए गए हैं। वहीं, किसान को जंजीर से बांधने की पुष्टि होने पर इस बिंदु पर विवेचना (जांच) जारी है।
छाता के क्षेत्राधिकारी (सीओ) आशीष शर्मा ने बताया कि पीड़ित किसान की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
