नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब अलग-अलग इलाकों में स्थित कई नामी स्कूलों को गंभीर सुरक्षा संबंधी धमकी मिली। एहतियातन स्कूल प्रशासन ने तुरंत छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकालते हुए संबंधित एजेंसियों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीमें मौके पर पहुंचीं। दिल्ली कैंट, चितरंजन पार्क, आनंद निकेतन, द्वारका और लोधी एस्टेट क्षेत्रों के स्कूल परिसरों में सुरक्षा बलों ने मानक प्रक्रिया के तहत तलाशी अभियान शुरू किया। डॉग स्क्वॉड और एंटी-सबोटाज टीमें भी जांच में जुटीं।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अब तक किसी भी स्कूल परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन पूरी तरह संतुष्ट होने तक जांच जारी रखी गई। सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए स्कूलों को खाली कराया गया और छात्रों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।
एक स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों को भेजे गए संदेश में बताया कि संभावित खतरे की सूचना मिलते ही सभी आवश्यक कदम उठाए गए। बम निरोधक दस्ते द्वारा की गई जांच के बाद परिसर को सुरक्षित घोषित किया गया है। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर और अन्य तकनीकी माध्यमों से जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
