गाजियाबाद – गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट ने रंगदारी वसूलने वाले एक सक्रिय गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद हिरासत में लिया गया और उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
यह कार्रवाई थाना वेव सिटी क्षेत्र में रंगदारी वसूली के दर्ज एक मामले के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, ट्रोनिका सिटी इलाके के पचायरा खनन स्थल पर रेत का ठेका लेने वाले एक व्यवसायी से लंबे समय से जबरन वसूली की जा रही थी। दिल्ली की मंडोली जेल में बंद कुख्यात अपराधी दीपक और उसके सहयोगी व्यवसायी पर दबाव बना रहे थे कि वह उनकी शर्तों पर काम करे और हर महीने ₹1 लाख बतौर रंगदारी दे। इनकार करने पर ठेकेदार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं।
पीड़ित ठेकेदार ने इस संबंध में थाना वेव सिटी में दीपक, कैलाश और दो अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर स्वाट टीम, अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई में लगाया गया।
17 अक्टूबर 2025 को टीला मोड़ थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी, जिसके दौरान मुठभेड़ में एक आरोपी कैलाश को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में कैलाश ने खुलासा किया कि वह दीपक का रिश्तेदार है और उसी के इशारे पर रंगदारी वसूलने का काम कर रहा था। उसने कबूला कि वह पहले भी दीपक के निर्देशों पर अन्य लोगों से भी जबरन पैसे वसूल चुका है। इस पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।
गिरफ्तारी के समय कैलाश के पास से .32 बोर की एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, एक वीवो मोबाइल और एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपी की पहचान कैलाश पुत्र स्व. चन्द्रपाल, निवासी ग्राम अगरौला, थाना ट्रोनिका सिटी, गाजियाबाद के रूप में हुई है, जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
