हरिद्वार। विधायक प्रदीप बत्रा ने रेलवे स्टेशन से रेलवे अंडर ब्रिज तक बन रही सड़क निर्माण परियोजना का फीता काटकर शुभारंभ किया। यह सड़क निर्माण कार्य बीएमएसडीबीसी द्वारा किया जा रहा है। शुभारंभ के दौरान विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ और तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।
विधायक बत्रा ने कहा कि इस सड़क के बनने से स्थानीय निवासियों और राहगीरों को लंबे समय से हो रही परेशानियों से निजात मिलेगी। क्षेत्र की यह सड़क काफी समय से क्षतिग्रस्त थी और जगह-जगह गड्ढे बनने से लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार स्थानीय लोगों के गिरकर घायल होने की घटनाएं भी सामने आई थीं।
सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने विधायक प्रदीप बत्रा का आभार जताया, और कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
इस मौके पर पार्षद अनुराग त्यागी, अजय कुमार, प्रमोद त्यागी, नरेंद्र सिंह, संजय कुमार, डॉ. प्रवीण, दिनेश पासवान सहित लोक निर्माण विभाग की अधिकारी दीपा डाबर और आशीष राठौर भी मौजूद रहे।
