Bollywood News: आमतौर पर त्योहारों के मौके पर सिनेमाघरों में रौनक बढ़ जाती है, लेकिन इस बार होली के दिन बड़े पर्दे पर कोई नई बॉलीवुड फिल्म रिलीज नहीं हो रही है। करीब 15 साल बाद ऐसा हो रहा है जब होली के अवसर पर दर्शकों को कोई बड़ी रिलीज देखने को नहीं मिलेगी।
फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि इसके पीछे सबसे बड़ी वजह ईद का क्लैश है। 19 मार्च को ईद के मौके पर दो बड़ी फिल्में—‘धुरंधर 2’ और ‘टॉक्सिक’—सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही हैं। इन फिल्मों के चलते कई प्रोड्यूसर्स ने अपनी फिल्मों की रिलीज डेट आगे-पीछे कर दी है, जिससे होली का स्लॉट खाली रह गया।
वर्तमान में सिनेमाघरों में The Kerala Story 2: Goes Beyond प्रदर्शित हो रही है, लेकिन फिल्म उम्मीद के मुताबिक कारोबार नहीं कर पा रही है। इसके अलावा O Romeo और Assi भी बॉक्स ऑफिस पर खास प्रदर्शन नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में थिएटर मालिकों के लिए होली का सूना वीकेंड चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है।
गौरतलब है कि पिछले वर्षों में होली पर रिलीज हुई कई फिल्मों ने अच्छा प्रदर्शन किया है। Tu Jhoothi Main Makkaar, Kesari, Badrinath Ki Dulhania और Kahaani जैसी फिल्मों ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाया था।
हालांकि हर बार होली का दांव सफल नहीं रहा। Himmatwala और Bachchhan Paandey जैसी फिल्में त्योहार के बावजूद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रहीं।
इतिहास पर नजर डालें तो 2011 और 2003 में भी होली पर कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हुई थी। उस समय क्रिकेट वर्ल्ड कप के कारण दर्शकों का रुझान सिनेमाघरों की बजाय मैचों की ओर था।
फिलहाल इंडस्ट्री की नजर ईद वीकेंड पर टिकी है, जहां दो बड़े प्रोजेक्ट्स की सीधी टक्कर देखने को मिलेगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि ईद पर रिलीज होने वाली ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कितना रंग जमाती हैं।
