कानपुर: औरैया जिले में सदर कोतवाली पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संचालित किए जा रहे गैस गोदाम का पर्दाफाश किया है। छापेमारी के दौरान भारी संख्या में गैस सिलिंडर और संदिग्ध केमिकल बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुरुवार को पुलिस और तहसील प्रशासन की टीम ने गांव जैतापुर में एक मकान पर अचानक छापा मारा। कार्रवाई का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी Ashok Kumar Singh और कोतवाली प्रभारी Rajkumar Singh ने किया।
छापेमारी के दौरान घर के अंदर बड़ी मात्रा में गैस सिलिंडर रखे मिले, जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। रिहायशी इलाके के बीच इतने बड़े पैमाने पर सिलिंडर का भंडारण किया गया था, लेकिन आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी थी।
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी Sanjeev Kumar भी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद बरामद सिलिंडरों की संख्या और उनके वैध कनेक्शनों की जांच शुरू कर दी गई।
प्राथमिक जांच में पुलिस को 19 खाली सिलिंडर मिले, जिन्हें अवैध रूप से रिफिलिंग के लिए रखा गया था, जबकि 10 सिलिंडर भरे हुए पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि इन सिलिंडरों को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
इसके अलावा मौके से करीब 176 लीटर तेजाब भी बरामद किया गया है, जिसे एक-एक लीटर की बोतलों में रखा गया था। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह के अनुसार फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
