देहरादून। चर्चित यूट्यूबर अनुराग डोभाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान उनका एक्सीडेंट हो गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना के साथ ही उनके परिवार को लेकर चल रहा विवाद भी सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, कुछ दिन पहले अनुराग डोभाल ने अपने एक व्लॉग में परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए थे और खुद के डिप्रेशन में होने की बात कही थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर इस पूरे मामले को लेकर बहस छिड़ गई।
इसी बीच अनुराग के भाई कलम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही वीडियो के जरिए पूरे मामले की सच्चाई और सबूत सामने रखेंगे। कलम ने लिखा कि पिछले दो दिनों से वह चुप थे क्योंकि उन्हें अपने माता-पिता का ख्याल रखना था।
उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता इस पूरे घटनाक्रम से काफी आहत हैं। कलम के अनुसार, लोगों के सामने अब तक जो बातें आई हैं, उनमें कई तथ्य अधूरे हैं और सच को भावनात्मक तरीके से छिपाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह वीडियो के जरिए सभी आरोपों का जवाब देंगे और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी करेंगे।
कलम ने अपने पोस्ट में यह भी कहा कि उन पर, उनकी होने वाली पत्नी और उनके माता-पिता पर कई आरोप लगाए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस सबूत सामने नहीं रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले दोनों पक्षों की बात सुनी जानी चाहिए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अनुराग डोभाल ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा था कि उनकी पत्नी रितिका उन्हें छोड़कर चली गई हैं और वह मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उन्होंने अपने वीडियो में परिवार के कुछ सदस्यों को अपनी परेशानियों के लिए जिम्मेदार भी ठहराया था।
इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं। जहां कुछ यूजर्स ने इसे पब्लिसिटी स्टंट बताया, वहीं कई लोग अनुराग के समर्थन में भी उतर आए। फिलहाल उनके एक्सीडेंट और पारिवारिक विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
