Mirjapur The Movie: प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ अब दर्शकों के लिए एक नया अनुभव लेकर आ रही है। ओटीटी पर धमाल मचाने के बाद अब ‘मिर्जापुर’ की कहानी बड़े पर्दे पर उतरने जा रही है। मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
4 सितंबर को सिनेमाघरों में मचेगा भौकाल
फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के प्रोडक्शन हाउस एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए इसकी जानकारी दी। पोस्टर में रेगिस्तान की पृष्ठभूमि, दौड़ती गाड़ियां और एक कार से बंधी भारी कुर्सी नजर आ रही है, जो मिर्जापुर की सत्ता और हिंसा की कहानी की झलक देती है। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है, “अब भौकाल होगा बड़े पर्दे पर।”
2018 से शुरू हुआ था मिर्जापुर का सफर
‘मिर्जापुर’ की शुरुआत साल 2018 में एक वेब सीरीज के रूप में हुई थी। पहले सीजन ने अपने दमदार डायलॉग्स, किरदारों और कहानी से दर्शकों के बीच अलग पहचान बनाई। इसके बाद 2020 में दूसरा सीजन आया, जिसने लोकप्रियता को और मजबूत किया। साल 2024 में रिलीज हुआ तीसरा सीजन हालांकि दर्शकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर पाया, लेकिन फ्रेंचाइजी का क्रेज बरकरार रहा। अब मेकर्स इस कहानी को फिल्म के रूप में पेश करने जा रहे हैं।
पुराने चेहरों के साथ नए सितारों की एंट्री
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी (कालीन भइया) और अली फजल (गुड्डू पंडित) एक बार फिर अपने चर्चित किरदारों में नजर आएंगे। इसके साथ ही दिव्येंदु शर्मा की मुन्ना भइया के रूप में वापसी भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण मानी जा रही है।
फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान समेत कई मजबूत कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘मिर्जापुर: द मूवी’ बड़े पर्दे पर वही भौकाल कायम कर पाती है या नहीं, जिसका इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं।
