Saharanpur Crime News: सहारनपुर जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक अधिवक्ता के घर लूट की घटना सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाश घर में घुस गए और अधिवक्ता की पत्नी व बेटी को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर नकदी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
मामला चिलकाना रोड स्थित दया गार्डन कॉलोनी का है। जानकारी के अनुसार अधिवक्ता नौशाद अली जिला न्यायालय में वकालत करते हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने बेटे के साथ नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। इसी दौरान दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर पहुंचे और मुंह पर कपड़ा बांधकर अंदर घुस गए।
उस समय घर में उनकी पत्नी और बेटी ही मौजूद थीं। बदमाशों ने दोनों को हथियार दिखाकर डराया और बंधक बनाकर घर में रखे सामान की तलाशी लेने लगे। आरोपियों ने घर के साथ-साथ अधिवक्ता के कार्यालय में भी खोजबीन की।
बताया जा रहा है कि बदमाश कार्यालय में रखी करीब 43 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि नकदी के अलावा और क्या सामान गायब है।
घटना के बाद परिवार की महिलाओं ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। इसी दौरान अधिवक्ता का मुंशी मौके पर पहुंचा तो बदमाश घबराकर भाग निकले। भागते समय दोनों आरोपी गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
