देहरादून – राजपुर क्षेत्र में एक महिला से कथित तौर पर बड़े स्तर की ठगी का मामला सामने आया है, जहां आरोपियों ने खुद को राहुल गांधी के पीए से जुड़ा बताकर करीब 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़िता ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने महिला को भरोसे में लेते हुए कहा कि शहर के एक पांच सितारा होटल में कई विधायक ठहरे हुए हैं और उनके खर्चों के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। बदले में राजनीतिक लाभ दिलाने का लालच दिया गया। खुद को विभिन्न राज्यों के नेताओं और विधायकों से जुड़ा बताकर आरोपियों ने महिला का विश्वास जीत लिया।
बताया गया कि 13 अप्रैल 2026 को महिला ने अलग-अलग माध्यमों से करीब 25 लाख रुपये आरोपियों को दे दिए, जिसमें बैंक ट्रांजैक्शन और नकद भुगतान दोनों शामिल थे। पैसे लेने के बाद आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे और बाद में संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया।
मामले में राजपुर थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।