रुड़की। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मुजफ्फरनगर स्थित रामपुर तिराहा शहीद स्मारक पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान नेताओं ने उत्तराखंड राज्य निर्माण में अपने प्राण न्यौछावर करने वाले आंदोलनकारियों को नमन किया।
कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि आज प्रदेशवासी रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। उत्तराखंड राज्य के निर्माण में सैकड़ों नागरिकों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि “हमें उन शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाना होगा, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना राज्य निर्माण के लिए संघर्ष किया।”
वहीं, पूर्व सांसद राजेंद्र कुमार बॉडी, विधायक ममता राकेश, वीरेंद्र जाती, हाजी फुरकान अहमद और इंजीनियर रवि बहादुर ने भी शहीदों को नमन किया। उन्होंने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके सपनों के अनुरूप उत्तराखंड का निर्माण करें, जहां हर व्यक्ति को रोजगार और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों।
नेताओं ने कहा कि प्रदेश के विकास की असली दिशा कांग्रेस ही दे सकती है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उदय सिंह पुण्डीर, हेमेंद्र सिंह, कलीम खान, मकसूद हसन सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
