Namo Bharat Corridor Expands to Sarai Kale Khan: राजधानी दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का विस्तार अब सराय काले खां तक होने जा रहा है। अभी तक यह सेवा न्यू अशोक नगर तक संचालित हो रही थी, लेकिन अगले तीन दिनों में ट्रेन सराय काले खां मेगा ट्रांसपोर्ट हब तक पहुंचने लगेगी। शुक्रवार को इस सेक्शन पर ट्रायल रन किया जाएगा, जबकि 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोनों नए हिस्सों का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
उद्घाटन के बाद आम यात्रियों के लिए यह कॉरिडोर खोल दिया जाएगा। सराय काले खां से यात्रियों को भारतीय रेलवे, दिल्ली मेट्रो और बस सेवाओं से सीधा जुड़ाव मिलेगा, जिससे मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।
फिलहाल दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर का करीब 55 किलोमीटर लंबा हिस्सा न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक चालू है। अब दिल्ली की ओर सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक लगभग 5 किलोमीटर लंबा सेक्शन तैयार हो चुका है। वहीं मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किलोमीटर का अतिरिक्त हिस्सा भी पूरी तरह बनकर तैयार है। अधिकारियों के अनुसार, पहली बार नमो भारत रेल सराय काले खां से बेगमपुल तक का सफर तय करेगी, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।
मेरठ मेट्रो को भी मिलेगी हरी झंडी
इसी कार्यक्रम के तहत 23 किलोमीटर लंबी मेरठ मेट्रो सेवा का भी शुभारंभ किया जाएगा। इस कॉरिडोर में कुल 13 स्टेशन बनाए गए हैं। इससे मेरठ शहर के भीतर आवागमन आसान होगा और यात्रियों को नमो भारत स्टेशन तक पहुंचने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
दिल्ली मेट्रो के दो नए सेक्शन तैयार
दिल्ली मेट्रो फेज-4 के अंतर्गत मजलिस पार्क–मौजपुर और दीपाली चौक–मजलिस पार्क सेक्शन का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। ट्रायल रन सफल रहने के बाद कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी ने संचालन की अनुमति दे दी है। दोनों कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 23 किलोमीटर है और उद्घाटन के बाद इन्हें भी जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यह विस्तार राजधानी के उत्तर और पूर्वी हिस्सों की कनेक्टिविटी को और बेहतर करेगा।
तीन नए कॉरिडोर का शिलान्यास संभव
सूत्रों के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान तीन नए मेट्रो कॉरिडोर का शिलान्यास भी किया जा सकता है। इनमें एरोसिटी से आईजीआई टर्मिनल-1, तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज और रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक के प्रस्तावित कॉरिडोर शामिल हैं। इन परियोजनाओं को पहले ही राज्य और केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है।
इन सभी परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
