Akshay’s kumar Bhoot Bangla: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म भूत बंगला को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही यह चर्चा में बनी हुई है, खासतौर पर इसलिए क्योंकि इस प्रोजेक्ट के जरिए अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियादर्शन की हिट जोड़ी 16 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है।
हाल ही में मेकर्स ने फिल्म का नया मोशन पोस्टर जारी किया है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है। पोस्टर में अक्षय कुमार एक भयावह सिंहासन पर बैठे नजर आ रहे हैं, जिस पर डरावने चेहरों की आकृतियां उकेरी गई हैं। उनके चेहरे का हाव-भाव भी रहस्यमय और डरावना दिखाई देता है।
अक्षय ने आंखों पर काला चश्मा लगाया हुआ है और गले व हाथों में रुद्राक्ष की कई मालाएं पहनी हुई हैं। वह शर्टलेस लुक में लुंगी या धोती जैसी वेशभूषा में नजर आ रहे हैं। एक हाथ में माला जपते हुए उनका अंदाज किसी तांत्रिक किरदार की ओर इशारा करता है। यह लुक फिल्म के हॉरर और कॉमिक तत्वों का अनोखा मिश्रण पेश करता है।
पोस्टर के साथ जारी कैप्शन में लिखा गया है, “दस को देंगे दस्तक, इंतजार करो तब तक। मस्ती शुरू होने दो।” इसके जरिए मेकर्स ने एक बार फिर फिल्म की रिलीज डेट 10 अप्रैल की पुष्टि की है।
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वामिका गब्बी, तब्बू और परेश रावल अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा राजपाल यादव और मिथिला पलकर भी फिल्म का हिस्सा हैं। मिथिला फिल्म में अक्षय की बहन की भूमिका निभाती दिखाई देंगी।
हालांकि फिल्म की कहानी को लेकर अभी ज्यादा खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन पोस्टर से साफ है कि ‘भूत बंगला’ दर्शकों को हॉरर और कॉमेडी का दिलचस्प तड़का देने वाली है। अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी पहले भी कई हिट फिल्में दे चुकी है, ऐसे में इस फिल्म से भी बड़ी उम्मीदें लगाई जा रही हैं।
