कानपुर: जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने खुद को जिलाधिकारी बताकर युवती से यौन शोषण और लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की काफी दिनों से तलाश की जा रही थी। बुधवार देर रात पुलिस ने उसे धर दबोचा। गुरुवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पीड़िता ने 16 जनवरी को कल्याणपुर थाने में दर्ज कराई एफआईआर में बताया कि उसकी मुलाकात चकेरी निवासी नीतेश पांडेय से हुई थी। आरोपी ने खुद को सरकारी बैंक में फील्ड ऑफिसर बताया और धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाई। इसके बाद उसने शादी का प्रस्ताव रखा।
कुछ समय बाद आरोपी ने दावा किया कि उसका चयन पहले एसडीएम और फिर कानपुर के जिलाधिकारी पद पर हो गया है। भरोसा दिलाने के लिए उसने सरकारी विभाग की फर्जी ई-मेल आईडी से भेजे गए नियुक्ति पत्र और अन्य दस्तावेज पीड़िता को व्हाट्सएप किए।
आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती से 26.50 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के गहने हड़प लिए। जब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ और आरोपी ने दूरी बना ली, तब उसने नीतेश पांडेय समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी के अनुसार, मामले में यौन शोषण की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। सर्विलांस टीम और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को कल्याणपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जहां से यह पूरा जालसाजी का खेल शुरू हुआ।
