Preetismita Bhoi in Youth Asian Games: भारतीय भारोत्तोलक प्रीतिस्मिता भोई ने एशियाई यूथ खेलों में कमाल का प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने 44 किलोग्राम भार वर्ग में 158 किलो वजन उठाकर न सिर्फ देश को इन खेलों में तीसरा स्वर्ण पदक दिलाया, बल्कि भारतीय वेटलिफ्टिंग के इतिहास में भी नया अध्याय जोड़ा हैं ।
158 किलो का वजन पूरा कर बनाया विश्व रिकॉर्ड
प्रीतिस्मिता ने स्नैच में 66 किलो और क्लीन एंड जर्क में 92 किलो उठाते हुए कुल 158 किलो का वजन पूरा किया, जो यूथ वर्ग का नया विश्व रिकॉर्ड है। इससे पहले उन्होंने राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में भी 150 किलो वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता था। हालांकि स्नैच की दो लिफ्ट असफल रहीं, लेकिन उन्होंने क्लीन एंड जर्क में शानदार वापसी की और 87, 90 और 92 किलो की तीनों लिफ्ट सफलतापूर्वक पूरी कीं।
संघर्षों से सफलता तक की कहानी
प्रीतिस्मिता का सफर प्रेरणादायक रहा है। ओडिशा की रहने वाली प्रीतिस्मिता ने दो साल की उम्र में पिता को खो दिया था। उनकी मां ने ही दोनों बेटियों का पालन-पोषण किया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। शुरू में दोनों बहनें एथलेटिक्स में सक्रिय थीं, लेकिन कोच गोपाल दास के समझाने पर उन्होंने वेटलिफ्टिंग अपनाई।
आज प्रीतिस्मिता भारतीय वेटलिफ्टिंग का चमकता सितारा बन चुकी हैं। वर्तमान में वह मोदीनगर में भारतीय टीम के मुख्य प्रशिक्षक विजय शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। बीते वर्ष उन्होंने विश्व यूथ चैंपियनशिप में 40 किलो भार वर्ग में भी स्वर्ण पदक जीता था।
