मुंबई। ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वाराणसी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। करीब सात साल के लंबे अंतराल के बाद वह भारतीय सिनेमा में वापसी करने जा रही हैं। एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर प्रियंका ने हाल ही में एक दिलचस्प खुलासा किया है।
प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि फिल्म के लिए हामी भरने से पहले उन्होंने निर्देशक एसएस राजामौली के सामने एक खास शर्त रखी थी। एक इंटरव्यू में प्रियंका ने कहा कि चूंकि उन्होंने लंबे समय से किसी भारतीय फिल्म में काम नहीं किया था, इसलिए वह पर्दे पर दोबारा डांस करना चाहती थीं। इसी वजह से उन्होंने राजामौली से फिल्म में डांस सीक्वेंस शामिल करने की इच्छा जताई।
प्रियंका की इस शर्त पर फिल्म के लीड एक्टर महेश बाबू ने भी मजेदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका की वजह से उन्हें भी डांस करना पड़ा। महेश बाबू के मुताबिक फिल्म के लिए एक गाना पहले ही शूट किया जा चुका है, जो अब टीम के बीच काफी लोकप्रिय हो गया है और प्रियंका इसे अक्सर गुनगुनाती रहती हैं।
निर्देशक एसएस राजामौली की यह फिल्म एक भव्य एक्शन-एडवेंचर होगी। खास बात यह है कि फिल्म के एक अहम सीक्वेंस में महेश बाबू भगवान राम के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा और महेश बाबू के अलावा पृथ्वीराज सुकुमारन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
फिल्म ‘वाराणसी’ के अप्रैल 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।
