देहरादून – उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के सभी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने आने वाले घंटों में कई दौर की भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक पिछले कई दिनों से बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा।
मौसम विशेषज्ञ रोहित थपलियाल के अनुसार, अगले कुछ घंटों में कई इलाकों में तेज गर्जना और भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। बीते 24 घंटों के दौरान देहरादून के मालदेवता क्षेत्र में 222.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से काफी अधिक है। खराब मौसम के मद्देनज़र पौड़ी और उत्तरकाशी ज़िलों में सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
उत्तरकाशी में मंगलवार को आई आपदा के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए केदारनाथ और मद्महेश्वर यात्रा को आगामी दो दिनों के लिए स्थगित कर दिया गया है। यात्रा मार्ग पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी यात्री को पैदल मार्ग पर न जाने दिया जाए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। सोनप्रयाग से केदारनाथ के बीच के सभी पड़ावों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इसके साथ ही, फूलों की घाटी में भी पर्यटकों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी गई है। वन विभाग ने बुधवार को सुरक्षा के तहत घाटी को बंद रखा। इससे पहले मंगलवार को करीब 150 पर्यटकों को गाइडों की मदद से सुरक्षित निकाला गया था। नंदा देवी नेशनल पार्क के उप निदेशक तरुण एस के अनुसार, घाटी को फिर से खोलने का फैसला बृहस्पतिवार को मौसम और सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
