लखनऊ: होली के त्योहार को देखते हुए यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए रेलवे प्रशासन ने लखनऊ रूट से गुजरने वाली छह होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है। इन ट्रेनों से पंजाब, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के वरिष्ठ डीसीएम कुलदीप तिवारी के अनुसार, 04616 फिरोजपुर-दानापुर होली स्पेशल दो और छह मार्च को फिरोजपुर से दोपहर 12 बजे रवाना हुई। यह ट्रेन मोगा, लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद और बरेली होते हुए सुबह 5:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी। इसके बाद रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, बक्सर और आरा के रास्ते शाम 5:30 बजे दानापुर पहुंचेगी। वापसी में 04615 दानापुर-फिरोजपुर स्पेशल तीन और सात मार्च को दानापुर से रात 9:10 बजे चलकर सुबह करीब 8:15 बजे लखनऊ और रात 11:55 बजे फिरोजपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में केवल एसी कोच लगाए गए हैं।
इसी तरह 04312 योगनगरी ऋषिकेश-कोलकाता होली स्पेशल दो मार्च को रात 10:20 बजे योगनगरी ऋषिकेश से रवाना होकर हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली और शाहजहांपुर के रास्ते सुबह 9 बजे आलमनगर तथा 9:48 बजे उतरेटिया पहुंचेगी। आगे यह ट्रेन रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, गया, धनबाद, आसनसोल और वर्धमान होते हुए अगले दिन सुबह 8 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 04311 कोलकाता-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल चार मार्च को दोपहर 1:55 बजे कोलकाता से चलकर अगले दिन रात 10:25 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी। इस ट्रेन में एसी, स्लीपर और जनरल कोच उपलब्ध रहेंगे।
मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए 04212 सुल्तानपुर-एलटीटी होली स्पेशल भी चलाई गई है। यह ट्रेन सुल्तानपुर से सुबह 4 बजे चलकर लखनऊ, कानपुर, झांसी, बीना, इटारसी, भुसावल, नासिक रोड और कल्याण होते हुए दोपहर 12:20 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी में 04211 एलटीटी-सुल्तानपुर स्पेशल तीन मार्च को दोपहर 2:35 बजे एलटीटी से रवाना होकर रात 8:50 बजे लखनऊ और 11 बजे सुल्तानपुर पहुंचेगी।
इसके अलावा छह अन्य होली स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अवधि भी बढ़ा दी गई है, जिनमें दानापुर-आनंदविहार, रक्सौल-उधना और धनबाद-दिल्ली रूट की ट्रेनें शामिल हैं। कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज में भी संशोधन किया गया है। 03257 दानापुर-आनंदविहार स्पेशल का सूबेदार और गोविंदपुरी स्टेशन पर समय बदला गया है। निर्धारित स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव पांच मिनट का रहेगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी अवश्य जांच लें।
