Weekend ka Vaar Bigg Boss: ‘बिग बॉस 19’ का ड्रामा हर गुजरते एपिसोड के साथ और दिलचस्प होता जा रहा है। कंटेस्टेंट्स जहां एक-दूसरे को मात देने के लिए हर दांव-पेच आजमा रहे हैं, वहीं कुछ प्रतिभागी अपनी हरकतों से सलमान खान के गुस्से की वजह भी बन रहे हैं। इस हफ्ते के ‘वीकएंड का वार’ में सलमान खान ने घर के दो सदस्यों अशनूर कौर और अभिषेक बजाज की जमकर क्लास लगाई।
गेम को ईमानदारी से खेलो, न कि एक-दूसरे के सहारे
शनिवार को रिलीज हुए शो के प्रोमो में सलमान खान को दोनों कंटेस्टेंट्स पर गुस्सा होते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अशनूर और अभिषेक लगातार घर के नियमों को तोड़ रहे हैं। दोनों के बीच बनी मजबूत दोस्ती अब घर के बाकी सदस्यों और बिग बॉस के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सलमान ने उन्हें साफ कहा कि “गेम को ईमानदारी से खेलो, न कि एक-दूसरे के सहारे।”
माइक नहीं पहनने पर पूरे घर को सज़ा
अशनूर और अभिषेक पर आरोप है कि वे अक्सर शो में माइक हटाकर घूमते रहते हैं। बिग बॉस के बार बार कहने के बाद भी उन्होंने नियमों का पालन नहीं किया। इसके चलते पूरे घर को नॉमिनेशन का सामना करना पड़ा। सलमान खान ने कहा कि “आप दोनों की लापरवाही की वजह से आज किसी को घर छोड़ना पड़ेगा।”
कुनिका पर अभद्र टिप्पणी को लेकर भड़के सलमान
सलमान खान ने अभिषेक बजाज को कुनिका सदानंद पर अभद्र टिप्पणी करने के लिए भी लताड़ा। अभिषेक ने शो के दौरान कुनिका को ‘दादी अम्मा’ कहकर उनका मज़ाक उड़ाया, जिसे सलमान ने बॉडी शेमिंग बताया। उन्होंने अभिषेक को चेतावनी दी कि इस तरह का रवैया न केवल शो के नियमों के खिलाफ है, बल्कि दर्शकों के लिए गलत संदेश देता है।
तान्या और मृदुल पर भी नाराज़ हुए सलमान
‘वीकएंड का वार’ एपिसोड में सलमान खान ने तान्या मित्तल और मृदुल तिवारी को भी उनके व्यवहार को लेकर फटकार लगाई है। सलमान का कहना था कि शो सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि व्यक्तित्व की परीक्षा भी है, और इसमें जिम्मेदारी और सम्मान सबसे ज़रूरी है।
