फरीदाबाद- फरीदाबाद जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब एक कार के अंदर दो भाइयों के शव मिलने की सूचना सामने आई। यह घटना पल्ला थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां सड़क किनारे लंबे समय से खड़ी कार में दोनों युवक बेहोशी की हालत में पाए गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार का दरवाजा खोलकर अंदर देखा तो दोनों व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़े थे। तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें सिविल अस्पताल भेजा गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 44 वर्षीय कुंदन कुमार और 38 वर्षीय रंजन कुमार के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के छपरा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और फिलहाल फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में रह रहे थे। जानकारी के मुताबिक बड़ा भाई सेना से सेवानिवृत्त था, जबकि छोटा भाई शारीरिक रूप से दिव्यांग बताया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कार काफी देर से सड़क किनारे खड़ी थी, जिससे संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।
प्रारंभिक जांच में दम घुटने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
