छात्रों और कामगारों को बेचने की थी साजिश
देहरादून। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान और उत्तराखंड पुलिस के “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विकासनगर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 86.31 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासनगर कोतवाली पुलिस ने गैस गोदाम क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 86.31 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर (24 वर्ष) निवासी बड़ा कुआं, मिर्जापुर, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह स्मैक उत्तर प्रदेश के कैराना क्षेत्र के एक तस्कर से खरीदकर लाया था। उसका इरादा विकासनगर और आसपास के क्षेत्रों में नशे के आदी लोगों, कामगारों और शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को स्मैक बेचने का था। हालांकि, इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी से अन्य नशा तस्करों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं। इन सूचनाओं के आधार पर पुलिस आगे की जांच और कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।