India Vs US T20 World Cup: टी20 विश्व कप में खिताब बचाने के इरादे से भारतीय टीम मैदान में उतरने जा रही है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ करेगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला शनिवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। पिछली बार टी20 विश्व कप में भारत ने अमेरिका को हराया था और इस बार भी टीम इंडिया का पलड़ा भारी माना जा रहा है।
भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में शुरू हो रहे इस टी20 विश्व कप में गत चैंपियन भारत को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। भारतीय टीम शानदार लय में है और हाल ही में न्यूजीलैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से शिकस्त दी थी। टीम के लगभग सभी खिलाड़ी फॉर्म में हैं, जो भारत के लिए बड़ी राहत की बात है।
ईशान किशन की दावेदारी मजबूत
प्लेइंग-11 को लेकर सबसे बड़ा सवाल विकेटकीपर बल्लेबाज को लेकर है। संजू सैमसन हालिया सीरीज में प्रभाव नहीं छोड़ पाए, जबकि ईशान किशन ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार दमदार पारियां खेलीं और एक शतक भी जड़ा। अभ्यास मैच में भी ईशान ने अर्धशतक लगाया, जिससे ओपनिंग स्लॉट पर उनका दावा मजबूत हो गया है। विकेटकीपर के तौर पर भी ईशान टीम की पहली पसंद बनते नजर आ रहे हैं।
तिलक वर्मा की होगी वापसी
चोट के चलते बाहर रहे तिलक वर्मा की टीम में वापसी तय मानी जा रही है। अभ्यास मैच में उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की थी। तिलक तीसरे नंबर पर उतरेंगे, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करेंगे। सूर्यकुमार ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फॉर्म में वापसी कर ली है और उनसे विश्व कप में भी इसी प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
वॉशिंगटन सुंदर के लिए जगह मुश्किल
टीम में हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे ऑलराउंडर मौजूद हैं, ऐसे में वॉशिंगटन सुंदर के लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है।
गेंदबाजी की कमान बुमराह के हाथ
भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की अगुआई जसप्रीत बुमराह करेंगे। उनके साथ अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या तेज गेंदबाजी संभालेंगे, जबकि स्पिन विभाग में अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती की भूमिका अहम होगी।
