भीमताल- नैनीताल जिले के सातताल क्षेत्र में स्थित गरुणताल के पास सोमवार रात एक टैक्सी चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची भीमताल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुरेश राम के रूप में हुई है, जो अल्मोड़ा जिले के क्वारब क्षेत्र का निवासी था। भीमताल थाने के प्रभारी निरीक्षक संजीत कुमार राठौड़ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सुरेश राम के परिजनों से बातचीत में यह सामने आया है कि वह कुछ समय से पारिवारिक तनाव से जूझ रहा था। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
मामले में पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनसे भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
