नोएडा: नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में एक युवती की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने गंभीर आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर युवती के चचेरे भाई को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि युवक ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए और गर्भ ठहरने पर उसे गर्भपात की दवा खिला दी, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
पीड़ित परिवार मूल रूप से उन्नाव का रहने वाला है और पिछले करीब तीन वर्षों से नोएडा में रह रहा था। परिवार के अनुसार, शिकायतकर्ता के छोटे भाई का परिवार भी उसी मकान में रहता था। आरोप है कि इसी दौरान भाई के बेटे ने शिकायतकर्ता की 18 वर्षीय बेटी के साथ संबंध बनाए। गर्भवती होने की जानकारी सामने आने पर आरोपी ने कथित तौर पर गर्भपात की दवा दे दी।
दवा खाने के बाद युवती की तबीयत गंभीर हो गई। 18 दिसंबर को उसे नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान 23 दिसंबर को युवती की मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का कारण खून की कमी बताया गया है। पुलिस का कहना है कि युवती पहले से ही बीमार थी और उसका इलाज चल रहा था। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि शिकायतकर्ता और उसके भाई के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपी के खिलाफ धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।
