Ghar Kab Aaoge: सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर 2’ एक बार फिर सुर्खियों में है। फिल्म के टीजर के बाद अब दर्शकों का ध्यान इसके खास गाने ‘घर कब आओगे’ पर टिका हुआ है। यह गीत सालों पहले आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के यादगार गीत ‘संदेसे आते हैं’ का नया संस्करण है, जिसका टीजर अब जारी कर दिया गया है।
मेकर्स ने गाने के टीजर के साथ इसकी रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया है। ‘घर कब आओगे’ शीर्षक वाला यह गाना 2 जनवरी को दर्शकों के सामने आएगा। टीजर में भावनाओं और देशभक्ति की झलक देखने को मिलती है, जिसने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
इस नए वर्जन की खास बात यह है कि इसे एक या दो नहीं, बल्कि चार नामचीन गायकों ने मिलकर गाया है। गीत को सोनू निगम, अरिजीत सिंह, दिलजीत दोसांझ और विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। टीजर के आखिर में चारों सिंगर्स की आवाज सुनाई देती है, जो इसे और खास बना देती है।
गाने के बोल मनोज मुंतशिर ने लिखे हैं और संगीत मिथुन ने तैयार किया है। मूल गीत ‘संदेसे आते हैं’ को जावेद अख्तर ने लिखा था और उसमें अनु मलिक का संगीत था, जिसे सोनू निगम और रूप कुमार राठौड़ ने गाया था। नए वर्जन में पुराने एहसास के साथ नई संवेदनाओं को जोड़ने की कोशिश की गई है।
अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी ‘बॉर्डर 2’ 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी फिल्म का हिस्सा हैं।
देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत इस फिल्म का टीजर हाल ही में रिलीज हुआ था, जिसे दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। अब गाने के रिलीज के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ गई हैं।
