नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा में शुक्रवार देर रात पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। सेक्टर-49 थाना क्षेत्र में संचालित तीन स्पा/मसाज सेंटरों पर एक साथ छापेमारी कर 24 लोगों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन केंद्रों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना लगातार मिल रही थी। गुप्त जांच के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से देर रात दबिश दी। मौके से 17 युवतियों समेत कई युवक मिले, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
छापेमारी के दौरान दस्तावेज, रजिस्टर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन स्पा सेंटरों का संचालन किसके संरक्षण में हो रहा था और क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
