नोएडा: नए साल 2026 के जश्न को देखते हुए बुधवार शाम से नोएडा में लोगों की भारी आवाजाही रहने की संभावना है। रेस्तरां, बार, शॉपिंग मॉल और प्रमुख बाजारों में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात योजना लागू की है। पार्किंग क्षमता पूरी होने की स्थिति में कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा।
सेक्टर-18 और सेक्टर-38ए के डीएलएफ मॉल, जीआईपी मॉल और गार्डन गैलेरिया मॉल में भीड़ को देखते हुए प्रवेश और निकासी मार्गों में बदलाव किए गए हैं। सेक्टर-18 मार्केट में दोपहर से कुछ रास्तों को अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। पुलिस का फोकस मल्टीलेवल पार्किंग का अधिकतम उपयोग कराने पर रहेगा।
अट्टा पीर चौक से आने वाले वाहन एचडीएफसी बैंक कट के जरिए मल्टीलेवल पार्किंग में प्रवेश कर सकेंगे। वहीं नर्सरी तिराहा से अट्टा पीर चौक और सेक्टर-18 मेट्रो की ओर जाने वाले मार्ग को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है।
गुरुद्वारे के पास फुट ओवर ब्रिज के आसपास सेक्टर-18 में जाने वाले दोनों कट बंद रहेंगे। मेट्रो स्टेशन के नीचे से सेक्टर-18 की ओर जाने वाला मार्ग केवल बाहर निकलने वाले वाहनों के लिए खुला रहेगा। मोजेक होटल के दोनों ओर बने कट से प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
इसके अलावा रेडिसन होटल तिराहे से बहुमंजिला पार्किंग की ओर ही वाहन भेजे जाएंगे, जबकि सोमदत्त टावर से सेक्टर-18 चौकी की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। जरूरत पड़ने पर सेक्टर-17 और 18 नलकूप तिराहा से नर्सरी तिराहा की ओर जाने वाला रास्ता भी बंद किया जा सकता है।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डीएलएफ, जीआईपी और गार्डन गैलेरिया मॉल में आने वाले वाहन केवल मॉल की पार्किंग में ही खड़े किए जाएंगे। सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर चालान के साथ क्रेन से गाड़ी उठाई जाएगी।
वहीं बुधवार दोपहर 3 बजे से देर रात तक नोएडा एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-60 से सेक्टर-18 की दिशा में हल्के, मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल आपात स्थितियों में ही छूट दी जाएगी।
