नई दिल्ली: रूप नगर क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब नाले के ऊपर बना फुटओवर ब्रिज अचानक ढह गया। हादसे के वक्त एक महिला पुल से गुजर रही थी, जो ब्रिज टूटते ही सीधे नीचे नाले में गिर गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। गोताखोरों की मदद से महिला को नाले से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ब्रिज पहले से ही जर्जर हालत में था और इसकी मरम्मत को लेकर कई बार शिकायत भी की गई थी। बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
