वॉशिंगटन। लगातार 43 दिनों से ठप पड़ी अमेरिकी सरकार आखिरकार दोबारा पटरी पर लौट आई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार शाम कांग्रेस से पारित शटडाउन समाप्ति विधेयक पर हस्ताक्षर कर दिए, जिससे सरकारी कामकाज को अस्थायी रूप से बहाल कर दिया गया है।
हस्ताक्षर से पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने इस लंबे शटडाउन के लिए डेमोक्रेटिक पार्टी को जिम्मेदार ठहराया, और कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था व आम जनता को गहरा झटका लगा है।
ट्रंप बोले – डेमोक्रेट्स की जिद ने देश को पहुंचाया बड़ा नुकसान
ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,
“डेमोक्रेट्स के राजनीतिक हठ ने पूरे देश को भारी नुकसान पहुंचाया। करीब 20 हजार उड़ानें या तो रद्द हुईं या विलंब से चलीं, दस लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिला, और लाखों जरूरतमंदों को सरकारी भोजन योजनाओं से वंचित रहना पड़ा।”
उन्होंने आगे कहा कि छोटे व्यवसायों और संघीय ठेकेदारों को भी भुगतान न मिलने से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
सरकार को पूरी तरह बहाल होने में लगेंगे कुछ दिन
ट्रंप ने माना कि शटडाउन से हुए वास्तविक नुकसान का आकलन करने में हफ्तों या महीनों का समय लग सकता है। उन्होंने बताया कि सरकारी विभागों के सामान्य संचालन में लौटने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।
वहीं, एयरपोर्ट संचालन भी धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौटेगा।
रिपब्लिकन–डेमोक्रेट समझौते से बना समाधान
शटडाउन समाप्त करने के लिए दोनों दलों के बीच जो समझौता हुआ है, उसके तहत 31 जनवरी 2026 तक सरकार बिना किसी रुकावट के काम कर सकेगी।
इस समझौते के तहत तीन वार्षिक व्यय विधेयकों को वित्त पोषण की मंज़ूरी दी गई है।
रिपब्लिकन पार्टी ने दिसंबर के मध्य तक स्वास्थ्य सेवा सब्सिडी बढ़ाने पर मतदान कराने का आश्वासन दिया है, हालांकि परिणाम को लेकर कोई पुख्ता गारंटी नहीं दी गई।
कर्मचारियों को मिलेगी राहत
विधेयक में प्रावधान है कि शटडाउन के दौरान हटाए गए संघीय कर्मचारियों को बहाल किया जाएगा, और उन्हें उनके बकाया वेतन का भुगतान भी किया जाएगा। साथ ही जनवरी तक किसी भी नई छंटनी पर रोक रहेगी।
