देहरादून- प्रदेश में 5 दिसंबर से मौसम का रुख बदलने के संकेत मिल रहे हैं। खासकर ऊँचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे लगातार बनी हुई सूखी ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 4 दिसंबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। हालांकि पहाड़ी जिलों में सुबह-शाम पाला पड़ने से ठंडक बनी रहेगी। 5 दिसंबर से पहाड़ी क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊँचे स्थानों पर बर्फबारी के आसार बढ़ जाएंगे।
सबसे अधिक प्रभाव उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊपरी हिस्सों में दिखाई देने की संभावना है, जहाँ हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं 3200 मीटर से ऊपर के क्षेत्रों में हिमपात होने की प्रबल संभावना है।
6 दिसंबर को फिर मौसम साफ होने के आसार हैं, लेकिन 7 और 8 दिसंबर को एक और दौर में बादल सक्रिय होंगे, जिससे पहाड़ी इलाकों में फिर बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। विशेषज्ञों का कहना है कि वर्षा और बर्फबारी से तापमान जरूर गिरेगा, लेकिन सूखी ठंड से राहत मिलेगी, जो स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर मानी जा रही है।
